UP Cyber Crime News: 10वीं फेल नटवरलाल ने यूपी-बिहार के पुलिसवालों को ठगा, ‘SP क्राइम’ बन रौब दिखाया और ऐंठे लाखों रुपये

UP Cyber Crime News: फर्जी SP बन पुलिसवालों को ही चूना लगाने वाला 10वीं फेल ठग गिरफ्तार, ऐसे खुली पोल

0

UP Cyber Crime News: उत्तर प्रदेश और बिहार की कानून व्यवस्था को संभालने वाली पुलिस खुद एक शातिर ठग का शिकार हो गई है। बागपत की साइबर सेल पुलिस ने एक ऐसे नटवरलाल को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को ‘एसपी क्राइम मुख्यालय लखनऊ’ बताकर कई पुलिस अधिकारियों को लाखों रुपये का चूना लगाया। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिसवालों के पसीने छुड़ाने वाला यह मास्टरमाइंड महज 10वीं फेल है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस कंट्रोल रूम से ही पुलिसकर्मियों के नंबर निकालता था और फिर फर्जी अफसर बनकर सस्पेंड करने की धमकी देकर ऑनलाइन पैसे ऐंठ लेता था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बागपत की ललियाना चौकी इंचार्ज से 25 हजार रुपये की ठगी की गई, जिसके बाद हरकत में आई साइबर सेल ने आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से दबोच लिया।

UP Cyber Crime News: कंट्रोल रूम को फोन कर ऐसे जाल बुनता था आरोपी

पकड़े गए शातिर अपराधी का तरीका बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी सबसे पहले किसी भी जिले के पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करता था। वहां वह खुद को लखनऊ मुख्यालय का बड़ा पुलिस अधिकारी बताता था और रौब जमाकर अलग-अलग थानों और चौकियों के प्रभारियों के पर्सनल मोबाइल नंबर हासिल कर लेता था।

नंबर मिलते ही वह सीधे संबंधित पुलिसकर्मी को व्हाट्सएप पर कॉल मिलाता था। खुद को एसपी क्राइम बताकर वह ऐसी झूठी कहानियां बुनता था कि सामने खड़ा पुलिसवाला भी सच और झूठ का फर्क नहीं कर पाता था। पुलिस की वर्दी का डर दिखाकर वह तुरंत पैसों की डिमांड करता था।

बागपत के चौकी इंचार्ज से 25 हजार की ठगी, डीजीपी के नाम पर डराया

इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ बागपत जिले से हुआ। यहां की ललियाना चौकी के इंचार्ज अमित कुमार के पास 5 अप्रैल को कंट्रोल रूम से एक मैसेज आया कि लखनऊ मुख्यालय के एसपी क्राइम उनसे बात करना चाहते हैं। इसके तुरंत बाद अमित कुमार के व्हाट्सएप पर एक कॉल आई।

फोन करने वाले ने कहा कि डीजीपी साहब के एक बहुत करीबी सोने के बड़े कारोबारी हैं। उनके यहां से दो बदमाश तीन किलो सोना लूटकर भागे हैं, जिसमें से एक को शामली से पकड़ लिया गया है। दूसरा आरोपी आपकी चौकी के पास मंदिर के सामने बाइक लेकर खड़ा है। उसे रंगे हाथों पकड़ने के लिए बयाना (एडवांस) देना होगा, इसलिए तुरंत दिए गए बार कोड पर पैसे ट्रांसफर करो। जब चौकी इंचार्ज ने झिझक दिखाई, तो उन्हें नौकरी से सस्पेंड कराने की धमकी दी गई। डर के मारे उन्होंने अपने एक परिचित से दो बार में 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए।

बिहार का रहने वाला है ठग, फरीदाबाद में छिपा था परिवार

धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद जब पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की, तो मोबाइल नंबर और बैंक खातों के जरिए असली मुजरिम का चेहरा सामने आया। बागपत के एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि इस ठगी के पीछे लाल मोहन राय नाम का शख्स शामिल है।

लाल मोहन राय मूल रूप से बिहार के मोतिहारी (थाना लखौरा, लक्ष्मीपुर कटहारिया) का रहने वाला है। वह शातिर दिमाग अपराधी है और पुलिस को चकमा देने के लिए वर्तमान में अपने परिवार के साथ फरीदाबाद के सेक्टर 81 में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।

UP Cyber Crime News: 20 से ज्यादा पुलिसवालों को बनाया शिकार, बिहार में भी की ठगी

पुलिस पूछताछ में आरोपी लाल मोहन राय ने जो खुलासे किए, उसने अधिकारियों के होश उड़ा दिए। यह गैंग अब तक उत्तर प्रदेश और बिहार के 20 से अधिक पुलिसकर्मियों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी कर चुका है।

इस गैंग ने बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला की थाना प्रभारी रूबी कुमारी को झांसे में लेकर उनसे 50 हजार रुपये हड़प लिए थे। इसके अलावा, यूपी के सिद्धार्थनगर जिले की मोहाना चौकी के इंचार्ज सुदीप कुमार यादव से भी इसी तरह 30 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए गए थे। फिलहाल साइबर सेल की टीम आरोपी के दो अन्य साथियों, अजय चौबे (गोपालगंज, बिहार) और एक अन्य मददगार की तलाश में छापेमारी कर रही है।

UP Cyber Crime News: मेरठ की महिला थाना इंचार्ज ने फेल कर दी ठगों की चाल

जहां एक तरफ कई पुलिसवाले इस ठग के झांसे में आ गए, वहीं मेरठ के रोहटा थाने की इंचार्ज पूजा पंवार ने अपनी सूझबूझ से इस ठग की बोलती बंद कर दी। ठगों ने मेरठ की रोहटा थाना इंचार्ज को भी इसी तरह डीजीपी और एसपी क्राइम का रौब दिखाकर खाते में पैसे डालने को कहा था।

महिला थाना इंचार्ज पूजा पंवार को कॉल करने वाले की बातों पर शक हो गया और उन्होंने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने से साफ मना कर दिया। ठगों ने उन्हें भी नौकरी से हटवाने और सस्पेंड कराने की सीधी धमकी दी, लेकिन वे टस से मस नहीं हुईं और उनके कड़े रुख को देखकर ठगों को फोन काटना पड़ा।

आपको यह भी पसंद आ सकता है
Leave A Reply

Your email address will not be published.