NZ vs SA: फिन एलन के तूफानी शतक से न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा, कीवी टीम दूसरी बार फाइनल में
कीवी टीम ने 170 रनों का लक्ष्य महज 12.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत का सबसे बड़ा हीरो रहे सलामी बल्लेबाज फिन एलन जिन्होंने केवल 33 गेंदों में तूफानी शतक ठोककर इतिहास रच दिया।
NZ vs SA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में बुधवार 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में जो हुआ उसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया। टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम मानी जा रही साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने 9 विकेट की करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। कीवी टीम ने 170 रनों का लक्ष्य महज 12.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत का सबसे बड़ा हीरो रहे सलामी बल्लेबाज फिन एलन जिन्होंने केवल 33 गेंदों में तूफानी शतक ठोककर इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड इससे पहले 2021 में फाइनल में पहुंची थी जहां उसे ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। अब कीवी टीम के पास पहली बार विश्व खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।
साउथ अफ्रीका की पारी उतार-चढ़ाव से भरी रही
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 12 रन पर ही क्विंटन डिकॉक और रयान रिकेल्टन के विकेट गंवा दिए। इस दबाव में कप्तान एडन मार्कराम और डेवाल्ड ब्रेविस ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन 55 के स्कोर पर मार्कराम 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डेविड मिलर और ब्रेविस भी जल्दी-जल्दी आउट हो गए और 77 रन तक पांच विकेट गिर चुके थे।
NZ vs SA: येनसन की विस्फोटक पारी ने बचाई इज्जत
जब लग रहा था कि साउथ अफ्रीका 130 रन भी मुश्किल से बना पाएगी तब ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को येनसन ने छठे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। स्टब्स 29 रन बनाकर लॉकी फर्ग्यूसन का शिकार बने। येनसन एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने महज 30 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन ठोके। उन्हीं की बदौलत साउथ अफ्रीका 8 विकेट पर 169 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। कीवी गेंदबाजों में रचिन रवींद्र ने 2, मैट हेनरी ने 2 और कोल मैककोंची ने 2 विकेट लिए।
फिन एलन का ऐतिहासिक तूफान
170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत ही आतिशबाजी से हुई। फिन एलन ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों को शुरू से ही कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्कों की मदद से महज 33 गेंदों में शतक पूरा किया। यह T20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज शतकीय पारियों में से एक रही। दूसरे छोर पर टिम सीफर्ट ने 58 रनों की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने मिलकर साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि न्यूजीलैंड ने केवल 12.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
NZ vs SA: अब फाइनल में किससे होगी टक्कर
न्यूजीलैंड की फाइनल में जगह पक्की हो गई है। अब सबकी नजरें आज गुरुवार 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल पर टिकी हैं जिसमें भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले का विजेता न्यूजीलैंड से फाइनल में भिड़ेगा। पिछले दो वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल हुए हैं और दोनों बार जो टीम जीती उसने खिताब भी अपने नाम किया।
Read More Here
- आज उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, जानें अपने राज्य का हाल
- Chaitra Navratri 2026, चैत्र नवरात्र की रात इन 7 गुप्त उपायों से बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा! 19 मार्च से पहले जान लें ये खास विधियां, दूर होगी आर्थिक तंगी और कर्ज
- आज जानें किस राशि पर बरसेगी गुरु की कृपा और किसे रहना होगा सतर्क, पढ़ें आज का राशिफल
- Yoga for Anxiety,- क्या योग सच में एंग्जाइटी को जड़ से मिटा सकता है? जानें माइंडफुलनेस योग के वैज्ञानिक फायदे, असरदार आसन और सही अभ्यास विधि