संसद में बिल पेश, अमेरिका में दिवाली पर हो सकती है सरकारी छुट्टी

0

अमेरिका के 44 लाख भारतवंशियों को दिवाली पर छुट्टी मिल सकती है। निचले संदन की सांसद ग्रेस मेंग ने दिवाली को सरकारी छुट्टी घोषित करने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने संसद में एक बिल भी पेश किया है। उन्होंने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘दिवाली दुनियाभर के करोड़ों लोगों के साथ-साथ क्वींस, न्यूयॉर्क और अमेरिका में लाखों परिवारों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक है। इसलिए इस दिन अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।’

व्हाइट हाउस में 14 साल पहले 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दिवाली मनाने की शुरुआत की थी। तब से हर साल व्हाइट हाउस में दीपों का पर्व मनाया जाता है।

 सांसद ग्रेस मेंग ने कहा कि अमेरिका में कई समुदाय और संस्कृति के लोग रहते हैं। यही लोग हमारे देश की ताकत हैं। दिवाली पर छुट्टी घोषित करना इस बात का सबूत होगा कि अमेरिका में सभी समुदाय के लोगों को एक बराबर माना जाता है। साथ ही इससे अमेरिकियों को इस त्योहार के बारे में जानने का मौका मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि जल्द ही ये बिल पारित होगा।

न्यूयॉर्क में भी ‘दिवाली डे ऐक्ट’ बिल का स्वागत
अमेरिका के निचले सदन में पेश किए गए बिल को ‘दिवाली डे ऐक्ट’ नाम दिया गया है। कांग्रेस से पास होने के बाद ये बिल राष्ट्रपति के पास साइन होने जाएगा। अगर ऐसा हो जाता है तो दिवाली को अमेरिका में 12वीं सरकारी छुट्टी घोषित किया जाएगा। इस बिल का स्वागत करते हुए न्यूयॉर्क विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा- इस साल, हमने देखा कि हमारा पूरा राज्य दीवाली और दक्षिण एशियाई समुदाय को मान्यता देने के समर्थन में है। मेंग दिवाली को सरकारी छुट्टी बनाने की मुहिम को राष्ट्रीय स्तर पर लेकर जा रही हैं।

इससे पहले न्यूयॉर्क की विधानसभा में भी दिवाली पर छुट्टी घोषित करने के लिए बिल पेश किया जा चुका है। न्यूयॉर्क असेंबली के स्पीकर कार्ल हेस्टी ने बुधवार को एक बयान में कहा था- न्यूयॉर्क की विविध संस्कृति को मान्यता देना जरूरी है। इस विधेयक पर सत्र के आखिरी दिन 8 जून को फैसला किया जा सकता है। हम स्टेकहोल्डर्स के बात करके स्कूल के कैलेंडर में बदलाव करने पर चर्चा करेंगे।

पेन्सिल्वेनिया में पास हुआ बिल
हाल ही में पेन्सिल्वेनिया राज्य की सीनेट में भी दिवाली पर ऑफिशियल छुट्टी घोषित करने से जुड़ा बिल पास हो चुका है। इसकी पहल विधायक निखिल सवल ने की थी। उधर, फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डी-सेंटिस भी 2019 से गवर्नर हाउस में इंडियन-अमेरिकन समुदाय के लोगों के साथ दिवाली मनाते आ रहे हैं।

अमेरिका में 44 लाख लोग भारतवंशी
UN इंटरनेशनल माइग्रेशन रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में करीब 1.80 करोड़ प्रवासी भारतीय हैं। इनमें से 44 लाख लोग अमेरिका में रहते हैं। यहां 6 राज्यों के 10 जिलों में भारतीय-अमेरिकी लोगों की तादाद 6-18% हैं। कैलिफोर्निया, टेक्सास, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, इलिनोइस में इनकी सबसे ज्यादा आबादी है।

अमेरिकी एडमिनिस्ट्रेशन में 80 से ज्यादा भारतवंशी अहम पदों पर तैनात हैं। इसके अलावा अमेरिका में करीब 38% डॉक्टर भारतीय मूल के हैं। भारतीय-अमेरिकी US में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले जातीय समूह हैं।

आपको यह भी पसंद आ सकता है
Leave A Reply

Your email address will not be published.