भारत-फ्रांस रिश्तों में ऐतिहासिक मोड़, हैमर मिसाइल से AI हब तक 21 बड़े समझौतों पर लगी मुहर, जानें हर डील की पूरी डिटेल

21 समझौते, हैमर मिसाइल JV, H125 हेलीकॉप्टर असेंबली, AI हब, स्वास्थ्य-ऊर्जा सहयोग। विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी घोषित।

0

India-France Deal: भारत और फ्रांस के संबंधों ने मंगलवार को एक नया इतिहास रचा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की तीन दिवसीय भारत यात्रा (17-19 फरवरी) के दौरान दोनों देशों ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्वास्थ्य, ऊर्जा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में 21 बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए। मुंबई के लोक भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच हुई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता के बाद इन समझौतों की घोषणा की गई।

सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भारत-फ्रांस संबंधों को अब विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के दर्जे में अपग्रेड कर दिया गया है जो दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास और रणनीतिक समन्वय को दर्शाता है। पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में भारत-फ्रांस साझेदारी विश्व स्थिरता की एक मजबूत ताकत है।

India-France Deal: रक्षा क्षेत्र में गेमचेंजर साबित होंगे ये समझौते

इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण रक्षा क्षेत्र के समझौते रहे। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और फ्रांसीसी कंपनी सैफ्रान के बीच हैमर मिसाइलों को भारत में संयुक्त रूप से बनाने के लिए एक ऐतिहासिक ज्वाइंट वेंचर पर हस्ताक्षर हुए। हैमर दरअसल एक एयर-टू-ग्राउंड प्रिसिजन गाइडेड स्टैंडऑफ हथियार है जो GPS और इनर्शियल नेविगेशन आधारित गाइडेंस सिस्टम से लैस होता है और खराब मौसम, कोहरे और रात में भी सटीक निशाना लगा सकता है।

मेक इन इंडिया के तहत इन मिसाइलों का उत्पादन भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता में बड़ा कदम होगा। इसके अलावा भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग समझौते का अगले दशक के लिए नवीनीकरण किया गया। भारतीय सेना और फ्रांसीसी थल सेना के बीच अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती की भी घोषणा हुई और अत्याधुनिक तकनीकों पर संयुक्त एडवांस्ड टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट ग्रुप का गठन किया गया। रक्षा अधिग्रहण परिषद ने 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को भी मंजूरी दी है जिसमें 90 विमान भारत में ही बनाए जाएंगे।

H125 हेलीकॉप्टर असेंबली लाइन का उद्घाटन हुआ ऐतिहासिक

दोनों नेताओं ने वर्चुअल माध्यम से कर्नाटक के वेमगल में एयरबस और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की संयुक्त H125 हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन का उद्घाटन किया। यह हेलीकॉप्टर माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम है और इसे भारत में बनाकर दुनियाभर में निर्यात किया जाएगा।

यह मेक इन इंडिया की भावना को साकार करने वाला बड़ा कदम है और भारत को वैश्विक एविएशन विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। फ्रांसीसी इंजन निर्माता सैफ्रान ने भी घोषणा की है कि वह भारतीय आपूर्तिकर्ताओं से पुर्जे खरीदने को तैयार है जिससे देश के एविएशन उद्योग को मजबूती मिलेगी।

India-France Deal: AI और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में खुले नए रास्ते

प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हुईं। दोनों नेताओं ने 2026 को भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष घोषित किया और इंडो-फ्रेंच इनोवेशन नेटवर्क का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस पहल से रणनीतिक साझेदारी को जनता की साझेदारी में बदला जाएगा क्योंकि नवाचार अकेले नहीं बल्कि सहयोग से होता है। इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर डिजिटल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की स्थापना की संयुक्त घोषणा हुई।

एम्स नई दिल्ली में AI इन हेल्थ के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर का शुभारंभ किया गया। क्रिटिकल मिनरल्स और मेटल्स में सहयोग की संयुक्त घोषणा तथा डीएसटी और सीएनआरएस के बीच एडवांस्ड मटेरियल्स सेंटर स्थापित करने का लेटर ऑफ इंटेंट भी हस्ताक्षरित हुआ। मैक्रों दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भी शामिल हुए जहां ब्राजील के राष्ट्रपति लूला सहित 20 से अधिक विश्व नेताओं ने भागीदारी की।

स्टार्टअप में भी मजबूत हुए संबंध

स्वास्थ्य के क्षेत्र में मेटाबॉलिक हेल्थ साइंसेज के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर की स्थापना का समझौता हुआ। डीबीटी और एएनआरएस के बीच संक्रामक रोगों और ग्लोबल हेल्थ रिसर्च में सहयोग का लेटर ऑफ इंटेंट भी हस्ताक्षरित किया गया। स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए हैदराबाद स्थित टी-हब और नॉर्ड फ्रांस के बीच नवाचार और प्रौद्योगिकी में रणनीतिक सहयोग का लेटर ऑफ इंटेंट पर दस्तखत हुए।

नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और फ्रांस के अर्थव्यवस्था मंत्रालय के बीच सहयोग समझौते का नवीनीकरण हुआ। एरोनॉटिक्स में कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना और डबल टैक्स अवॉइडेंस एग्रीमेंट में संशोधन जैसे कदम भी उठाए गए जो व्यापार और निवेश को सुगम बनाएंगे।

India-France Deal: मैक्रों का मुंबई दौरा रहा ऐतिहासिक

राष्ट्रपति मैक्रों की यह चौथी भारत यात्रा है लेकिन मुंबई की पहली आधिकारिक यात्रा। मैक्रों ने सबसे पहले ताज महल पैलेस होटल पहुंचकर 26/11 मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जिसमें दो फ्रांसीसी नागरिक भी मारे गए थे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ फ्रांस भारत के साथ एकजुट खड़ा है।

मैक्रों ने बॉलीवुड हस्तियों शबाना आजमी, अनिल कपूर, मनोज बाजपेयी, जोया अख्तर और रिचा चड्ढा से भी मुलाकात की। इनोवेशन फोरम में मैक्रों ने कहा कि भारत केवल वैश्विक नवाचार में भागीदार नहीं है बल्कि भारत इसका नेतृत्व करता है। उन्होंने भारत की बढ़ती ऊर्जा, रचनात्मकता और भविष्य की सोच की तारीफ करते हुए कहा कि यह देश प्रगति के लिए एक स्वाभाविक साझेदार है।

पीएम मोदी ने याद दिलाया कि पिछले साल उन्होंने फ्रांस के मार्सेई शहर का दौरा किया था जहां से भारतीय सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध में यूरोप में कदम रखा था और जहां वीर सावरकर ने अंग्रेजों से बचने के लिए समुद्र में छलांग लगाई थी। मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में भी भारत के युवा इनोवेट फॉर ग्लोबल गुड की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और देश के जीवंत स्टार्टअप इकोसिस्टम से लेकर विश्वस्तरीय अनुसंधान प्रयोगशालाओं तक एक नई कैन-डू आशावाद की भावना उभर रही है।

दोनों नेताओं ने इस यात्रा को भारत-यूरोप संबंधों के लिए 2026 को एक ऐतिहासिक मोड़ बताया, खासकर यूरोपीय संघ के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते के बाद। गौरतलब है कि 1998 में भारत के परमाणु परीक्षणों के बाद जब अमेरिका और ब्रिटेन ने प्रतिबंधों का दबाव बनाया था तब फ्रांस ने ईयू प्रतिबंधों का विरोध किया था, जिसके बाद से दोनों देशों के संबंधों में नई जान आई। आज वही रिश्ता विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के रूप में अपने सर्वोच्च शिखर पर पहुंच गया है।

Read More Here

आपको यह भी पसंद आ सकता है
Leave A Reply

Your email address will not be published.