मणिपुर को सुलगाने वाला कौन, इस रिपोर्ट में जानिए एक-एक बात

0

मणिपुर में लगातार हिंसा हो रही है लेकिन मणिपुर धूं-धूं करके क्यों जल रहा है ये शायद आप में से कई लोग नहीं जानते होंगे। आपको इस लेख में बताते हैं कि आखिर मणिपुर में हिंसा की असल वजह क्या है…

मणिपुर एक क्रिकेट स्टेडियम की तरह है। इसमें इम्फाल घाटी पिच की तरह बिल्कुल बीच में है। ये पूरे प्रदेश का 10% हिस्सा है, जिसमें प्रदेश की 57% आबादी रहती है। बाकी चारों तरफ 90% हिस्से में पहाड़ी इलाके हैं, जहां प्रदेश की 42% आबादी रहती है।

इम्फाल घाटी वाले इलाके में मैतेई समुदाय का दबदबा है। ये ज्यादातर हिंदू होते हैं। मणिपुर की कुल आबादी में इनकी हिस्सेदारी करीब 53% है। मणिपुर के कुल 60 विधायकों में से 40 विधायक मैतेई समुदाय से हैं।

पहाड़ी इलाकों में 33 मान्यता प्राप्त जनजातियां रहती हैं, जिनमें मुख्य रूप से नागा और कुकी जनजाति हैं। ये दोनों जनजातियां मुख्य रूप से ईसाई हैं। मणिपुर के कुल 60 विधायकों में से 20 विधायक जनजातियों से हैं। मणिपुर में करीब 8% मुस्लिम और करीब 8% सनमही समुदाय के लोग हैं।

घाटी और पहाड़ी के इस डिवाइड की वजह से मणिपुर में कई तरह की समस्याएं पैदा होती हैं।

भारतीय संविधान के आर्टिकल 371C के तहत मणिपुर की पहाड़ी जनजातियों को स्पेशल कॉन्स्टिट्यूशनल प्रिविलेज मिले हैं, जो मैतेई समुदाय को नहीं मिले। ‘लैंड रिफॉर्म एक्ट’ की वजह से मैतेई समुदाय पहाड़ी इलाकों में जमीन खरीदकर सेटल नहीं हो सकते। जबकि जनजातियों पर पहाड़ी इलाके से घाटी में आकर बसने पर कोई रोक नहीं है। इससे दोनों समुदायों में खाई बढ़ती जा रही है।

मणिपुर के चुरचांदपुर में 3 मई को भड़की हिंसा की आग पिछले कई महीनों से सुलग रही थी।

मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह की सरकार का कहना है कि आदिवासी समुदाय के लोग संरक्षित जंगलों और वन अभयारण्य में गैरकानूनी कब्जा करके अफीम की खेती कर रहे हैं। ये कब्जे हटाने के लिए सरकार मणिपुर फॉरेस्ट रूल 2021 के तहत फॉरेस्ट लैंड पर किसी तरह के अतिक्रमण को हटाने के लिए एक ड्राइव चला रही है।

आदिवासियों का कहना है कि ये उनकी पैतृक जमीन है। उन्होंने अतिक्रमण नहीं किया, बल्कि सालों से वहां रहते आ रहे हैं। सरकार की इस ड्राइव को आदिवासियों ने अपनी पैतृक जमीन से हटाने की तरह पेश किया। जिससे आक्रोश फैला।

विरोध करने पर राज्य सरकार ने इन इलाकों में धारा 144 लगाकर प्रदर्शन करने पर पाबंदी लगा दी। नतीजा यह हुआ कि कुकी समुदाय के सबसे बड़े जनजातीय संगठन कुकी इनपी ने सरकार के खिलाफ बड़ी रैली निकालने का ऐलान कर दिया। इस रैली के दौरान कांगपोकपी नाम की जगह पुलिस और रैली में शामिल भीड़ के बीच टकराव हुआ। इसमें पांच प्रदर्शनकारियों समेत पांच पुलिसवाले भी घायल हो गए।

इस बीच एक और बड़ा घटनाक्रम हुआ। दरअसल, कुकी जनजाति के कई संगठन 2005 तक सैन्य विद्रोह में शामिल रहे हैं। मनमोहन सिंह सरकार के समय, 2008 में तकरीबन सभी कुकी विद्रोही संगठनों से केंद्र सरकार ने उनके खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन यानी SoS एग्रीमेंट किया।

इसका मकसद राजनीतिक बातचीत को बढ़ावा देना था। तब समय-समय पर इस समझौते का कार्यकाल बढ़ाया जाता रहा, लेकिन इसी साल 10 मार्च को मणिपुर सरकार कुकी समुदाय के दो संगठनों के लिए इस समझौते से पीछे हट गई। ये संगठन हैं जोमी रेवुलुशनरी आर्मी यानी ZRA और कुकी नेशनल आर्मी यानी KNA। ये दोनों संगठन हथियारबंद हैं।

हिंसा की चिंगारी आख़िर भड़की कहां से

मैतेई ट्राइब यूनियन पिछले एक दशक से मैतेई को आदिवासी दर्जा देने की मांग कर रही है। इसी सिलसिले में उन्होंने मणिपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई करते हुए मणिपुर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से 19 अप्रैल को 10 साल पुरानी केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय की सिफारिश प्रस्तुत करने के लिए कहा था। इस सिफारिश में मैतेई समुदाय को जनजाति का दर्जा देने के लिए कहा गया है। इससे आदिवासी भड़क गए।

तनाव की शुरुआत चुराचंदपुर जिले से हुई, जो राजधानी इम्फाल के दक्षिण में करीब 63 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस जिले में कुकी आदिवासी ज्यादा हैं। गवर्नमेंट लैंड सर्वे के विरोध में 28 अप्रैल को द इंडिजेनस ट्राइबल लीडर्स फोरम ने चुराचंदपुर में 8 घंटे बंद का ऐलान किया था। इसकी वजह से मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को अपना पहले से प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

28 अप्रैल को देर रात तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प होती रही। उसी रात तुइबोंग एरिया में उपद्रवियों ने फॉरेस्ट रेंज ऑफिस को आग के हवाले कर दिया। 27-28 अप्रैल की हिंसा में मुख्य तौर पर पुलिस और कुकी आदिवासी आमने सामने थे।

3 मई को ऑल ट्राइबल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ मणिपुर ने ‘आदिवासी एकता मार्च’ निकाला। ये मैतेई समुदाय को एसटी का दर्जा देने के विरोध में था। स्थिति बिगड़ गई और इसने जातीय संघर्ष का रूप ले लिया। एक तरफ मेइती समुदाय के लोग तो दूसरी तरफ कुकी और नागा समुदाय के लोग। मणिपुर हिंसा में अब तक 100 लोगों के मारे जाने की खबर है और दो हज़ार लोगों के घायल होने की खबर है।

 

आपको यह भी पसंद आ सकता है
Leave A Reply

Your email address will not be published.