खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में आग! ईरान ने दुबई, बहरीन पर बरसाईं मिसाइलें
रक्षा मंत्री और IRGC कमांडर की मौत का दावा, 30+ ठिकाने तबाह, खाड़ी देशों में मचा हाहाकार
Khamenei death news: अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान के बाद मध्य पूर्व में तनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में भीषण युद्ध की स्थिति बन चुकी है। ईरान ने जवाबी हमलों में UAE, बहरीन, कुवैत और इजरायल को निशाना बनाया है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बुर्ज खलीफा के पास जोरदार धमाके हुए हैं। यह संकट अब केवल इजरायल और ईरान के बीच का मामला नहीं रहा, बल्कि पूरे मध्य पूर्व को एक बड़े युद्ध की ओर धकेल रहा है।
Khamenei death news: खामेनेई की मौत के बाद ईरान का बदले का ऐलान
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हमने खामेनेई को खत्म कर दिया और उनके साथ शासन के दर्जनों बड़े अफसरों को भी समाप्त किया गया है। नेतन्याहू ने कहा कि वह पिछले 40 वर्षों से यही करना चाहते थे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इजरायली सेना अब तेहरान पर और तेज गति से हमला कर रही है और आने वाले दिनों में यह और भी बढ़ेगा। खामेनेई की शहादत के बाद ईरानी सैन्य कमांडरों ने स्पष्ट किया है कि वे अपने सर्वोच्च नेता की मौत का बदला जरूर लेंगे। ईरान ने इसके बाद खाड़ी देशों पर हमलों की रफ्तार और बढ़ा दी है।
Khamenei death news: ईरान के दावे और जवाबी हमले
ईरानी कमांडर ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि जवाबी हमलों में अब तक 560 से अधिक अमेरिकी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। ईरान का दावा है कि कुवैत में अमेरिकी बेस को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया गया है, बहरीन में अमेरिकी बेस पर ड्रोन हमले में भारी क्षति पहुंची है और अमेरिकी विमानवाहक पोत USS अब्राहम लिंकन पर चार मिसाइलें दागी गई हैं। हालांकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने ईरान के इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी अमेरिकी जहाज को अब तक कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ईरान ने UAE में अमेरिकी आर्मी बेस पर हमला करते हुए अरबों डॉलर के THAAD एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट करने का दावा किया है। इसके अलावा ईरान ने यूके को ब्रिटेन द्वारा अपने साइप्रस बेस के इस्तेमाल की अनुमति देने के फौरन बाद वहां ड्रोन हमला कर दिया।
Khamenei death news: ट्रंप का बड़ा बयान, जंग चार हफ्ते तक चलेगी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संयुक्त सैन्य अभियान को लेकर कई बड़े बयान दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में ईरान के 48 शीर्ष नेताओं का सफाया हो गया है और ईरानी नेवी के नौ जहाज डूब गए हैं। ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिकी हमले में ईरान के मिलिट्री चीफ मुसावी को मार गिराया गया है। ट्रंप ने डेली मेल को दिए एक साक्षात्कार में संकेत दिया कि ईरान के खिलाफ यह सैन्य अभियान अगले चार सप्ताह तक चल सकता है। उन्होंने कहा कि यह हमेशा से चार सप्ताह की प्रक्रिया रही है और यह एक बड़ा देश है इसलिए इसमें उतना समय लग सकता है। साथ ही ट्रंप ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड और सेना से हथियार डालने की अपील की। उन्होंने ईरानी देशभक्तों से आह्वान किया कि वे इस मौके का फायदा उठाएं और अपना देश वापस लें।
Khamenei death news: लेबनान और तेल अवीव पर भी हमले
इस युद्ध का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इजरायली रक्षा बल (IDF) ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर जोरदार हमले किए हैं। यह कार्रवाई इजरायल की ओर की गई लॉन्चिंग के जवाब में की गई है। IDF ने “शेर की दहाड़” अभियान के तहत बेरूत और आसपास के इलाकों पर हमले किए हैं। हमले शुरू होते ही लोगों ने इलाके खाली करने शुरू कर दिए। लेबनान से इजरायल के हाइफा शहर पर भी रॉकेट दागे गए जिन्हें इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम ने काफी हद तक निष्क्रिय कर दिया। दूसरी तरफ ईरान ने तेल अवीव पर फिर हमला किया जिसमें इजरायल का मिसाइल इंटरसेप्टर क्रैश हो गया। सीरिया के दमिश्क में भी ईरानी मिसाइल के मलबे से तीन बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए।
Khamenei death news चीन, पाकिस्तान ने जताई कड़ी आपत्ति
ईरान पर हुए इस हमले की वैश्विक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया आई है। चीन ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता पर हमला और उनकी हत्या ईरान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन है और यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के मूल सिद्धांतों का अपमान है। चीन ने सैन्य कार्रवाइयों को तत्काल रोकने की अपील की है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खामेनेई की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि राष्ट्राध्यक्षों को निशाना बनाने की परंपरा सदियों पुरानी रूप से गलत मानी जाती है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर सुरक्षा परिषद से अमेरिका और इजरायल की जवाबदेही तय करने की मांग की है। वहीं खाड़ी देशों ने संयुक्त बयान जारी कर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की है।
Khamenei death news: पेंटागन आज करेगा प्रेसवार्ता
ईरान पर हमले के 36 घंटे बाद अमेरिका का युद्ध मंत्रालय पेंटागन आज स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे प्रेसवार्ता करेगा। इसमें अब तक के सैन्य अभियान की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर हमले का एक नया वीडियो भी जारी किया है। इसके अलावा ट्रंप और नेतन्याहू पर ईरान टेलीविजन को हैक करने का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद चैनल ब्लैकआउट हो गया। कराची में अमेरिकी कांसुलेट पर हमला करने के दौरान अमेरिकी सुरक्षाबलों की गोलीबारी में अब तक 22 पाकिस्तानी प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं। दूसरी तरफ अमेरिका के लॉस एंजिल्स में हजारों लोग ईरान की आजादी के नारे लगाते हुए सड़कों पर उतरे।
मध्य पूर्व में यह संघर्ष किस दिशा में जाएगा यह अभी अनिश्चित है, लेकिन दोनों पक्षों की आक्रामकता को देखते हुए आने वाले दिन और भी उथल-पुथल भरे रहने की आशंका है।
read more here